बागपत। बागपत-मेरठ मार्ग पर सर्वोदय पब्लिक स्कूल के पास कंटेनर चालक से ओवर टेक कर लूटपाट की गई। आरोपी भागने लगे। कस्बा अग्रवाल मंडी टटीरी में रेलवे फाटक बंद होने पर ट्रक और दो युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस मामला मारपीट का बता रही है।
सोनीपत के गुहाना निवासी शमशेर ने बताया कि वह कंटेनर चालक है। वह अपने साथी विकास के साथ दिल्ली के अलीपुर से कंटेनर में चावल लेकर बिहार के लिए सोमवार की रात में रवाना हुआ। जैसे ही कंटेनर बागपत-मेरठ मार्ग पर सर्वोदय पब्लिक स्कूल के पास रात करीब दो बजे पहुंचा, तभी पीछे से एक कैंटर आया और ओवरटेक करके उसके कंटेनर को रुकवाया। कैंटर में सवार चार-पांच लोगों ने उसके और विकास के साथ मारपीट की। उससे दस हजार रुपये लूट लिया। तभी पीछे से अन्य वाहन आ गए। आरोपी अपने कैंटर लेकर भागने लगे। कस्बा में रेलवे फाटक लगा होने के कारण आरोपियों को कैंटर रोकना पड़ा। आरोपी उसको छोड़कर भागने लगे। वह भी कंटेनर लेकर पीछे पहुंचा। शोर मचा दिया। दो आरोपी युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया । जबकि उनके अन्य साथी भागने में कामयाब हो गए। उधर, कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा लूट का आरोप गलत है। साइड लगने को लेकर उनका आपसी विवाद है।
कंटेनर में की थी तोड़तोड़
बागपत। पीड़ित चालक शमशेर ने बताया कि आरोपियों ने उनके कंटेनर में तोड़फोड़ भी की है। इससे कंटेनर क्षतिग्रस्त हो गया है।
कंटेनर से निकालते हैं तेल
बागपत। आरोपी वाहनों से तेल से निकालते हैं। इसके लिए अलग से अपने कैंटर में टंकी लगा रखी है। जिस वाहन से तेल निकालना होता है, उसकी बगल में अपना कंटेनर खड़ा कर देते हैं और पाइप के माध्यम से तेल निकाल लेते हैं।
लधवाड़ी में गुड़ विक्रेता से 18.5 हजार लूटे
बागपत। लधवाड़ी गांव निवासी बाबूराम ने बताया वह 12 नवंबर को गुड़ बेचकर भैंसा-बुग्गी से वापस अपने घर जा रहा था। वह दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर लधवाड़ी मोड़ पर पहुंचा, तभी गांव का एक युवक बुग्गी में बैठ लिया। थोड़ा आगे चलने पर एक अन्य युवक मिला। दोनों उसके गांव के ही हैं। बाद में आरोपियों ने उसके साथ लूटपाट शुरू कर दी। विरोध करने पर उसको फांसी लगाने का प्रयास किया। उससे 18.5 हजार रुपये लूट लिए। बाद में धमकी देकर चले गए। उसने कोतवाली में शिकायत की।