जेल से अपराधी दे रहा गवाहों को धमकी
बागपत। सरकारी नलकूप के ऑपरेटर शिवकुमार त्यागी की हत्या के मामले में गवाह एसपी दफ्तर पहुंचा। उसका कहना है कि केस का एक आरोपी जेल से ही गवाही न देने और जान से मारने की धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं उसके गुर्गे भी धमकी दे रहे हैं। उसने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।
पूरणपुर नवादा निवासी युवक दीपक ने बताया कि वह नलकूप ऑपरेटर शिवकुमार की हत्या का गवाह है। आरोप है कि जेल में बंद इस केस का एक आरोपी उसे और उसके दो साथियों को गवाही न देने का दबाव बना रहा है। आरोपी अपने साथियों के साथ उन पर हमला भी कर चुका है। फिलहाल आरोपी जेल में है। आरोपी ने धमकी दी कि बात न मानी तो जान गवाही होनी। आरोपी के गुर्गे, जो जेल से बाहर है। लगातार धमकी दे रहे है। दहशत के चलते घर से बाहर नहीं निकल पा रहे है। उसने अपनी सुरक्षा और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
रेप की कोशिश के आरोपी दे रहे धमकियां
बागपत। छपरौली क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने बताया कि 12 अगस्त को उसकी 14 वर्षीय बेटी के साथ पड़ोस के ही कुछ युवकों ने मारपीट की थी। इतना ही नहीं चाकू के बल पर दुष्कर्म की कोशिश की थी। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप है कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और उनको गांव छोड़ने की धमकी दे रहे है। उनका मकान से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। पीड़ित परिजनों ने एसपी से शिकायत की है। एसपी जय प्रकाश ने छपरौली पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।