बड़ौत (बागपत)।
हिलवाड़ी गांव में कुछ लोगों द्वारा लाइनमैन के साथ मारपीट करने के मामले मेें पुलिस ने अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। इसके विरोध में शनिवार को बिजली कर्मचारियों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित 33/11 केवीए बिजलीघर पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी।
शनिवार को काफी संख्या में संविदा और सरकारी लाइनमैन बिजलीघर पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पुलिस प्रशासन की लापरवाही और ऊर्जा निगम के अधिकारियों की ढीली कार्यशैली के चलते आए दिन कुछ लोग सरकारी कार्यों मेें बाधा डालते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट कर रहे हैं। इस कारण कर्मचारियों में आक्रोश पनपता जा रहा है। बताया कि हिलवाड़ी गांव मेें मीटर लगाने गयी टीम में शामिल लाइनमैन अंकित के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ तहरीर देने के बावजूद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तारी नहीं कर पायी है। सूचना पर पहुंचे जेई टाऊन इंद्रपाल ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। जेई टाऊन का कहना था कि पुलिस प्रशासन पर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबाव बनाया जा रहा है। प्रदर्शन करने वालों मेें शीलू, अशोक, इमरान, सोहनपाल, राहुल, पीतम, विनय, धर्मेंद्र, राजेश शामिल रहे।