बागपत। खेड़की गांव में दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। इस दौरान जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इसमें किशोरी समेत छह लोग घायल हो गए। इनकी तहरीर पर 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। इस संघर्ष के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
गांव खेड़की निवासी देवदत्त ने दी तहरीर में बताया मंगलवार शाम पड़ोस के चार-पांच युवक उनके घर में घुसे और उसकी बहन के साथ उल्टी-सीधी बातें करने लगे। मना करने पर बहन के साथ मारपीट कर उसको उठाकर ले जाने लगे। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर वह स्वयं, उसका भाई और पिता मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। पड़ोस के अन्य लोगों ने उनकी जान बचाई। आरोपी धमकी देकर चले गए। उसकी तहरीर पर आरोपी वैभव, हनी, दिनेश, शुभम, योगेंद्र, बिंदरा, अंकित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई।
दूसरे पक्ष के वैभव ने कहा उनके मकान के सामने सरकारी खड़ंजा और नाली का निर्माण कार्य चल रहा है। विपक्ष ने रास्ते की जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा है। कार्य में बाधा डालकर आरोपियों ने उस पर और उसके पिता पर हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए। उनका अस्पताल में इलाज हुआ। उसकी तहरीर पर आरोपी रामेश्वर दयाल, मोनू उर्फ मांगे, देवदत्त उर्फ भीम, शिवदत्त उर्फ शंकर, कविता, सरिता, आशीष, अतुल और प्रवीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इस घटना के बाद गांव में तनाव बना है। इस देखकर गांव में पुलिस तैनात की गई है। कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह सिंधू ने कहा दोनों ओर से मुकदमा दर्ज हो गया है। केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई होगी।
अधर में लटक गया खड़ंजा निर्माण का कार्य
बागपत। दोनों पक्षों में संघर्ष होने के बाद गांव के खड़ंजा का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। लोगों ने कोतवाली में निर्माण कार्य चालू कराने की मांग की।