नशे के कारोबार पर अंकुश लगाएगी स्पेशल टीम
बागपत। जिले में अवैध शराब तस्करी एवं नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने स्पेशल टीम का गठन किया है। टीम गांव-गांव में संगठित अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। एसपी ने कहा कि किसी भी हाल में अवैध शराब तस्करी व नशे का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा।
पुलिस ने अवैध शराब तस्करी एवं नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया है। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए स्पेशल टीम का गठन किया। टीम की कमान इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह को सौंप है। टीम में इंस्पेक्टर के अलावा एक एसआई और चार कांस्टेबल होंगे। टीम सिर्फ और सिर्फ अवैध शराब व नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए काम करेगी। हरियाणा सीमा से सटा होने के कारण जिले में अवैध शराब तस्करी एवं नशे का कारोबार बड़े स्तर पर चल रहा है। यमुना नदी के रास्ते अवैध शराब की तस्करी की जाती है। इसके अलावा गांव-गांव में मिलावटी शराब का धंधा भी चल रहा है। सूखे नशे का कारोबार भी जिले में पैर जमा रहा है। कम उम्र के युवकों को नशे की लत लग गई है। पिछले दिनों सहारनपुर में जहरीला शराब से सैंकड़ों लोगों की मौत हो गई थी। मिलावटी और अवैध शराब के खिलाफ जिले में पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाकर भारी मात्रा में शराब पकड़ी थी। लेकिन इसके बाद भी अवैध शराब का कारोबार नहीं रुक रहा। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि नशे का कारोबार रोकने के लिए टीम का गठन किया गया है। टीम प्रतिदिन होने वाली कार्रवाई की रिपोर्र्ट देगी। हरियाणा की तरफ से अवैध शराब की तस्करी पर पूर्ण रूप से प्रतिबंद लगाया जाएगा। जिले में किसी भी हाल में नशे का कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा।
------------------
हेरोइन और अफीम का भी होता है कारोबार
बागपत। जिले में हेरोइन और अफीम का कारोबार भी होता है। पिछले वर्ष रमाला पुलिस ने 60 लाख की हेरोइन और 40 लाख की अफीम पकड़ी थी। छपरौली क्षेत्र के दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा चरस, डोडा पोस्त, गांजे का भी कारोबार किया जाता है।