बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सिसाना गांव के पास शिक्षक की कार में दूसरे कार सवार ने टक्कर मार दी। इसको लेकर हाईवे पर शिक्षक और कार सवारों में मारपीट हो गई। इससे हाईवे जाम हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी।
बंदपुर गांव निवासी सतीश कुमार पुत्र धर्मपाल प्राथमिक विद्यालय अशरफाबाद थल में सहायक अध्यापक हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को विद्यालय से घर लौट रहे थे। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर सिसाना गांव के पास से कार सवारों ने उनकी कार में टक्कर मार दी और भाग गए। उन्होंने कार का पीछा कर राष्ट्र वंदना चौक के पास आरोपी कार सवारों को पकड़ लिया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसके बाद हाईवे पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई। इससे हाईवे पर भीड़ लग गई। इस कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी । दूसरे पक्ष के कार सवार रविंद्र पुत्र बिजे सिंह निवासी बरना जनपद पानीपत हरियाणा ने बताया कि कार की हल्की सी टक्कर लगी। आरोप है कि शिक्षक ने उनकी कार का शीश तोड़ दिया। उनके साथ मारपीट भी की। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि जांच करने के बाद ही रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई होगी।