शादी से पहले घर छोड़ने वाली युवती से नाता तोड़ा
छपरौली (बागपत)। थाना क्षेत्र में बारात आने से पहले प्रेमी के साथ फरार हुई युवती से परिजनों ने नाता तोड़ दिया है। उन्होंने पुलिस को लिखित में दिया है कि वह बालिग है और अपनी मर्जी की मालिक है। अब वह उसे घर में नहीं घुसने देंगे।
थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बारात आने से छह घंटे पहले दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। समाज और परिवार के लोगों ने दूल्हे की पड़ोस की युवती के साथ शादी करा दी थी। पुलिस को बृहस्पतिवार की शाम को ही फरार हुए प्रेमी-प्रेमिका की लोकेशन मिल गई थी। छपरौली पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना दी और युवती को लाने के लिए साथ चलने को कहा। युवती के परिजनों ने साफ मना कर दिया। उन्होंने पुलिस को लिखकर दिया कि अब वे उससे कोई संबंध नहीं रखना चाहते। इंस्पेक्टर छपरौली विजय कुमार सिंह ने बताया कि युवती के परिजनों ने कहा है कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शादी की है। अब न तो वे उसे घर लाना चाहते और पुलिस कार्रवाई भी कराना नहीं चाहते।