अमीनगर सराय (बागपत)। कस्बा अमीनगर सराय में कोचिंग के लिए भाई के साथ जा रही छात्रा के साथ युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर भाई के साथ मारपीट की। छात्रा के भाई ने आरोपी युवकों के खिलाफ तहरीर दी।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा प्रतिदिन अमीनगर सराय कस्बे में कोचिंग करने आती है। छात्रा ने बताया कि पास के गांव के कुछ लड़के उसके साथ रोज छेड़छाड़ करते हैं। इस संबंध में उसने अपने भाई को बताया। सोमवार को छात्रा अपने भाई के साथ कोचिंग के लिए आ रही थी। सरे बाजार युवकों ने भाई के सामने ने ही छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। भाई ने विरोध किया तो उन्होंने उसकी पिटाई की। किसी ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छेड़छाड़ कर रहे युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। छात्रा के भाई ने युवकों के खिलाफ तहरीर दी। थानाध्यक्ष ओमवीर गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई होगी।