अमीनगर सराय (बागपत)।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के हिसावदा गांव में मोबाइल चार्ज करते समय करंट लगने से छात्र की मौत हो गई। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के सैड़भर गांव निवासी जतिन पुत्र गजेंद्र हाईस्कूल का छात्र था। मंगलवार को उसका रिजल्ट आया था। जिसमें वह अच्छे नंबरों से पास हुआ था और इसी खुशी में वह अपनी बुआ के यहां हिसावदा गांव में गया हुआ था। बुधवार की सुबह जब वह अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगा रहा था तभी एलटी लाइन में हाइटेंशन विद्युत लाइन का तार टच हो गया। एलटी लाइन में एचटी का करंट दौड़ गया। जतिन करंट लगने से झुलस गया। परिजन उसे दिल्ली के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। उपचार के दौरान छात्र की मौत हो गई। छात्र की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।