दोघट (बागपत)। पुसार के एक युवक ने लोन दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए। उसे आज तक लोन भी नहीं दिलाया। युवक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुसार गांव निवासी आदेश कुमार पुत्र महीपाल सिंह ने बताया कि पांच मई को एक कंपनी से लोन की बात की गई। कंपनी के कर्मचारी ने उसे पांच लाख रुपये का लोन दिलाने का भरोसा दिलाया। सात मई को उसने कंपनी से कर्मचारी का फोन आया और कहा कि लोन पास हो गया है, इसके लिए कुछ रुपये कंपनी के बैंक खाते में डालने होगे। उसने कंपनी के बैंक खाते में 4250 रुपये डलवा दिए। फिर अगले दिन दूसरे व्यक्ति का फोन आया कि 30,900 रुपये जीएसटी के देने होंगे। यह रुपये भी खाते में ट्रांसफर करा दिए। इसके बाद फिर पांच बार में 87 हजार रुपये खाते में इस उम्मीद में डलवाए कि उसे लोन मिल जाएगा, लेकिन आज तक उसे लोन नहीं दिया। कंपनी के स्टाफ ने फोन उठाना भी बंद कर दिया है। उसने मामले में कार्रवाई की मांग की।