शहर के गांधी बाजार में दुकान से बिना रुपये दिए सामान लेकर भाग रहे शराबी दो युवकों को व्यापारियों ने पकड़ लिया और मारपीट कर सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंपा। इस संबंध में व्यापारी ने कोतवाली में तहरीर दी। बाद में पुलिस ने कोतवाली से दोनों युवकों को छोड़ दिया।
बागपत निवासी श्यामपाल की गांधी बाजार में दुकान है। बृहस्पतिवार को शराब के नशे में धुत दो युवक दुकान पर पहुंचे और दो सौ रुपये का सामान लिया। दोनों युवक बिना रुपये दिए ही सामान लेकर भागने लगे। दुकानदार द्वारा शोर मचाने पर व्यापारियों ने भाग रहे दोनों युवकों को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने आरोपी दोनों युवकों को पुलिस को सौंपा। पुलिस दोनों को कोतवाली लेकर पहुंची। इस संबंध में श्यामपाल ने दोनों युवकों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी । दोनों युवक हरियाणा के रहने वाले बताए गए हैं। बाद में पुलिस ने दोनों को कोतवाली से छोड़ दिया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया दोनों पक्षों के बीच फैसला हो गया है, इसलिए दोनों को छोड़ दिया।