बड़ौत (बागपत)।
दहेज की मांग को लेकर चल रहे विवाद के चलते अपने मायके में रह रही महिला को कार में सवार पांच-छह लोगों ने अगवा करने का प्रयास किया। लेकिन महिला वहां से भाग निकली। बाद में आरोपी महिला, उसकी मां, पिता और भाई से मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
ईदारा मस्जिद बड़ौत निवासी फैय्याज ने 16 मई 2012 को बेटी नसीमा की शादी हरियाणा के पानीपत के आबिद के साथ की थी। उसके एक बेटा भी है। एक माह पूर्व ससुराल वालों ने नसीमा से डेढ़ लाख रुपये अपने घर से लाने को कहा। लेकिन उसने मना कर दिया, इस पर ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर भगा दिया। वह अपने पिता के यहां रह रही है। मंगलवार को कार सवार पांच-छह लोग आए और घर में घुसकर नसीमा को अगवा करने का प्रयास किया। जब उसके पिता फैय्याज, मां रुकसाना व भाई आमिर ने विरोध किया तो उनसे मारपीट की। शोर मचाए जाने पर जब मोहल्ले के लोग उधर भागे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। फैय्याज ने कोतवाली में तहरीर दी। गंभीर रूप से घायल फैय्याज को पुलिस ने सीएचसी पर भर्ती कराया है।