बड़ौत (बागपत)।
इब्राहिमपुर माजरा गांव में चढ़त के दौरान कुछ बारातियों द्वारा एक युवक से शराब के पैसे न देने पर अपने साथियों के साथ अंधाधुंध फायरिंग की। एक गोली उसको लगी और उसे सरियों और धारदार हथियारों से घायल कर दिया। उसे बड़ौत सीएचसी से मेरठ रेफर किया। इस घटना के बाद खुशी का माहौल दुख में बदल गया।
सोमवार की रात छपरौली से राहुल की बारात इब्राहिमपुर माजरा गई थी। घुड़चढ़ी हो रही थी। तभी बारात में गए छपरौली के संजीव, संदीप, रोहित, राजीव आदि ने छपरौली के ही धर्मेंद्र पुत्र इकबाल से शराब पीने के लिए पैसे मांगे तो उसने मना कर दिया और गाली-गलौच करने लगे। कुछ समय बाद फिर वे अपने साथियों के साथ आये और उन्होंने लोहे की रोड़, धारदार हथियारों से धर्मेंद्र पर हमला बोल दिया और तमंचे से गोलियां चलाई। इससे धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जहां इस घटना से पहले लोग खुशी से झूम रहे थे यह खुशी दुख में बदल गई और अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। घायल धर्मेंद्र ने चार को नामजद कराकर रिपोर्ट दर्ज कराई। घायल को बड़ौत सीएचसी से उपचार के बाद मेरठ रेफर किया।