बागपत। बालैनी थाना क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे से किशोरी संदिग्ध हालात में लापता हो गई। पीड़ित परिवार ने भट्ठे पर ही काम कर रहे दूसरे परिवार के एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन पुलिस अभी तक किशोरी को बरामद नहीं कर सकी है। शनिवार को एसपी जय प्रकाश से मिलने पहुंचे सुंदर सिंह ने बताया कि वह मूल रूप से शामली का रहने वाला है। उसकी बेटी को जबरन एक युवक अपने साथ ले गया। पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार कर किशोरी की बरामदगी की मांग की गई है।
भाई से खतरा, रिटायर्ड सैनिक ने पुलिस से मांगी सुरक्षा
बागपत। बड़ौत तहसील क्षेत्र के आरिफपुर गांव निवासी पूर्व सैनिक सनोज कुमार ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम ऑफिस में प्रार्थना पत्र दिया। सनोज का कहना है कि उसका भाई उससे रंजिश रखता है और उसकी पत्नी को प्रताड़ित करता है। उस पर जानलेवा हमला भी किया जा चुका है। आरोप है कि उसके भाई ने पत्नी और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी है। उसे पहले ही झूठे केस में फंसाया जा चुका है। पीड़ित का कहना है कि उसे पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। यही नहीं भाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।