बागपत। डेरामुखी गुरमीत राम रहीम पर आरोप सिद्ध होने के बाद पंचकुला में हालात नाजुक हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद में एहतियात बरतकर सुरक्षा के खास इंतजाम किए हैं। इसके तहत आरआरएफ, पीएसी और स्थानीय पुलिस की टुकड़ी निगरानी के लिए तैनात कर दी। बार्डर की चौकियों पर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग की गई। बागपत सीओ दिलीप कुमार को अभियान की जिम्मेदारी दी ।
डेरामुखी गुरमीत राम रहीम का बरनावा आश्रम सैकड़ों बीघा जमीन पर बना हैं। हरियाणा, पंजाब और एनसीआर में भड़की हिंसा के बाद प्रशासन ने बागपत में अलर्ट जारी किया। शनिवार को आश्रम पर आरआरएफ और पीएसी की एक-एक कंपनी के अलावा स्थानीय पुलिस की टुकड़ी तैनात कीं। सीओ बागपत दिलीप कुमार ने बताया गाजियाबाद बार्डर पर डूंडाहैड़ा, सोनीपत बार्डर पर निवाड़ा में चेकिंग अभियान चलाया। इसके अलावा बड़ौत में दो पुलिस चौकियों और बरनावा आश्रम पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बल तैनात किए हैं। जिले में एंट्री करने वाले लोगों पर नजर हैं।
गाजियाबाद से बुलाए एएसपी
बागपत। जिले में तैनात एएसपी अजय कुमार ट्रेनिंग पर गए हुए हैं। जिले में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के लिए गाजियाबाद से एएसपी मनीष मिश्रा को बुलाया। मिश्रा ने बरनावा आश्रम पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया।
अर्द्ध सैनिक बल हरियाणा रवाना
बागपत। हरियाणा और पंजाब में भड़की हिंसा के मद्देनजर शनिवार को मेरठ से बागपत के रास्ते अर्द्धसैनिक बल हरियाणा के रवाना हुए। गढ़ सोनीपत मार्ग से निवाड़ा होते हुए रोडवेज की विशेष बसों से अर्द्ध सैनिकों को भेजा। कई बसें यहां से हरियाणा के लिए गई।