बड़ौत (बागपत)।
शामली से दिल्ली जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन मेें बृहस्पतिवार को युवती से छेड़छाड़ को लेकर दो युवक गुटों में मारपीट हो गई। इसे ट्रेन की बोगी में सवार यात्रियों मेें अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी और रेलवे पुलिस को देखकर हमलावर भाग निकले।
शामली से दिल्ली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन नंबर 51910 बृहस्पतिवार को जैसे ही बड़ौत रेलवे स्टेशन से रवाना हुई, वैसे ही ट्रेन की एक बोगी में सवार युवती के साथ छेड़छाड़ को लेकर दो युवक गुटों मेें कहासुनी हो गई। देखते ही देखते उनके बीच मारपीट होने लगी। इससे ट्रेन की बोगी में सवार यात्रियों मेें अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने फोन कर बोगी में मारपीट होने की सूचना जीआरपी एसएसआई सत्यवीर को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावर फोर्स को देखकर भाग निकले। जीआरपी कर्मियों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो पाएं।
दूसरी तरफ ट्रेन में आए दिन होने वाली मारपीट और छेड़छाड़ की वारदातों को लेकर रेल यात्रियों मेें आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने कहा आए दिन असामाजिक तत्व महिला बोगी में घुस जाते हैं, यदि कोई महिला उनका विरोध करती है, उनसे अभद्रता की जाती है। दूसरी तरफ जीआरपी एसएसआई सत्यवीर ने कहा ट्रेन में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।