बागपत। जिला उद्यान विभाग में तकनीकी कर्मचारी न होने के कारण किसानों तक योजना नहीं पहुंच पा रही है। प्रभारी विभागीय अधिकारी शासन से दूसरे जनपद को जिले का लक्ष्य देने के लिए पत्र लिख रहे हैं। फूल, सब्जी और फलों के संबंध में दी जाने वाली जानकारी धरातल पर नहीं उतर सकी है।
उद्यान विभाग का काम है फल, सब्जी और फूलों की खेती करने वाले किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनके उत्पादन में वृद्धि किस प्रकार से की जा सकती है और फसलों में लगने वाले रोगों से बचाव की जानकारी देना है। जिले में विभाग तो है, लेकिन किसानों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। जिले के ऐसे सैकड़ों किसान होंगे, जिन्हें कार्यालय का नहीं पता नहीं होगा। विभाग के प्रभारी उद्यान अधिकारी सर्वेश चंद ने एक जनवरी को उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निदेशक को पत्र लिखकर अपना दुखड़ा सुनाया। यहां तक जिले को जारी हुए लक्ष्य को अन्य जनपद में देने तक की बात कही है। उन्होंने पत्र में लिखा कि विभाग में एक भी तकनीकी कर्मचारी नहीं है। जिस कारण योजना जिले में शून्य है। विभाग को एक भी गाड़ी नहीं दी गई है, जिस कारण समय से कृषकों तक नहीं पहुंचा जाता है। प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी ने निदेशक से तकनीकी कर्मचारी और गाड़ी की व्यवस्था कराने की मांग की है। प्रभारी अधिकारी सर्वेश चंद ने बताया कि कृषकों को उपकरण खरीद के लिए दो लक्ष्य मिले थे। दोनो लक्ष्य को पूरा कर लिया है।