बागपत। पुलिस ने महिला थाने के पास से भाई की हत्या का बदला लेने जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस और कार बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर जेल भेजा है।
कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात में पुलिस चमरावल रोड पर गश्त कर रही थी। महिला थाने के पास लाल रंग की स्टीम कार को रोकने के लिए इशारा किया, लेकिन कार नहीं रुकी। पुलिस ने पीछा कर कार को रुकवा लिया। कार में सवार दो युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से एक-एक तमंचा व कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए नौशाद उर्फ भाईजी उर्फ अक्षय उर्फ नसीम पुत्र इकराम कुरैशी निवासी सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर, आशुतोष प्रसाद पुत्र रामानुज निवासी बिहार, हाल उत्तम नगर दिल्ली के रहने वाले है।
पूछताछ में नौशाद ने बताया कि पांच साल पहले सिकंदराबाद के राशिद उर्फ लंबू ने उसके भाई जमील की हत्या की। तभी से ही वह लंबू से बदला लेने के लिए घूम रहा है। 20 नवंबर को हापुड़ में लंबू की लोकेशन मिली, जब वे हापुड़ पहुंचे तो लंबू नहीं मिला। अब वे लंबू की तलाश में इधर-उधर घूम रहे हैं। मेरठ में उसकी लोकेशन मिली। उससे भाई की हत्या का बदला लेने जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ 25 आर्म एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल ने बताया कि दोनों के आपराधिक इतिहास के बारे में पता लगाया जा रहा है। इससे पहले भी वे हत्या व पुलिस मुठभेड़ में जेल जा चुके हैं।