दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर मवी कलां गांव में बस स्टैंड पर 10 -12 युवकों ने दिल्ली पुलिस के सिपाही को मारपीट कर घायल कर दिया। वृद्ध महिला को सीट दिलाने को लेकर विवाद हुआ। घायल ने कोतवाली में दस युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया।
काठा गांव निवासी दीपक कुमार पुत्र चंद्रपाल सिंह ने बताया कि वह दिल्ली पुलिस में कार्यरत है। शनिवार को शाम केसमय वह अपनी ड्यूटी खत्म कर लोनी डिपो की रोडवेज बस से घर आ रहा था। बस में काफी भीड़ थी। इस दौरान बीच रास्ते से वृद्ध महिला बस में सवार हुई। उसे खड़े होने में परेशानी हो रही थी। उसने परिचालक सीट पर बैठे युवक से महिला को सीट देने का आग्रह किया तो आरोपी ने सिपाही के साथ गाली गलौच शुरू कर दी। यात्रियों ने किसी तरह बीच बचाव कर मामले को शांत किया। आरोप है कि युवक ने अपने गांव के 10-12 युवकों को फोन कर मवी कलां गांव में बस स्टैंड पर बुला लिया। जब बस मवी कलां गांव में पहुंची तो सिपाही को बस से नीचे उतारकर मारपीट की। आरोपियों ने सिपाही का हाथ तोड़ दिया और उसके सिर में डंडो से वार किए। घायल होकर जमीन पर गिया गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। मारपीट करने वाले चार युवकों को सिपाही ने पहचान लिया है। घायल सिपाही ने कोतवाली में रिंकू, नकुल, मनीष, भगत निवासी मवी कलां समेत दस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि घायल सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।