दोघट (बागपत)। थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी के कार्ड बंट चुके हैं। शादी की तैयारी चल रही है, लेकिन अचानक वर पक्ष ने शादी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने शर्त रखी कि युवती को नौकरी छोड़नी होगी। लड़की ने शर्त मानने से मना कर दिया। लड़की के पिता ने वर पक्ष पर दहेज मांगने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी।
दोघट थाना क्षेत्र एक गांव निवासी व्यक्ति ने अपनी बेटी की शादी शामली जनपद के एक गांव निवासी युवक से तय की । 10 जुलाई को बारात आनी है। कन्या पक्ष के लोगों ने शादी के कार्ड भी बंटवा दिए। वर पक्ष ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया। बेटी के पिता ने शादी से इनकार कर कारण पूछा तो वर पक्ष ने शर्त रख दी कि लड़की नोएडा में नौकरी करती है। उसे नौकरी छोड़नी होगी, लेकिन लड़की ने भी नौकरी छोड़ने से मना किया। जिस कारण रिश्ता टूट गया। कन्या पक्ष के काफी संख्या में लोग वर पक्ष के घर पहुंचे। उन्होंने सगाई में हुए ढाई लाख रुपये खर्च के वापस देने को कहा। आरोप है कि वर पक्ष वालों ने रुपये देने से मना कर दिया। रविवार को पिता ने दोघट थाने में दहेज में पांच लाख रुपये बाइक मांगने का आरोप लगाकर वर पक्ष के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौते का प्रयास किया, लेकिन समझौता नहीं हो पाया है। दोनों पक्षों में बात चल रही है।