पिलाना (बागपत)। बालैनी क्षेत्र के सैदपुर गांव में प्रधान के मकान पर फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार दहशत में है। प्रधान के पति की तहरीर पर गांव के ही बाप-बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस मामले की जांच में लगी है।
सैदपुर गांव की प्रधान रामवीरी देवी है। उनके पति पीतम सिंह का कहना है कि वे रविवार रात परिवार के साथ मकान में सो रहे थे, सामने घेर में नौकर सो रहा था। रात करीब 12 बजे गली से उनके मकान और घेर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की । दरवाजों में गोली के निशान बने हैं। आवाज सुनकर मकान के बाहर आए तो वे गोली लगने से किसी तरह बाल-बाल बचे। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी का हूटर बजने लगा। इसके बाद आरोपी भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। पीतम सिंह की तहरीर पर आरोपी प्रमोद और उसके बेटे दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। बालैनी थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने कहा मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।