खेकड़ा (बागपत)
क्षेत्र के ग्राम रटौल में चोरी का मोबाइल खरीदने के बाद कागज मांगने पर दो पक्षों के बीच लात घूंसे चले। मारपीट के चलते पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लेकर चोरी के मोबाइल के मामले में पूछताछ शुरू कर दी।
क्षेत्र के ग्राम रटौल निवासी एक युवक युवक को चोरी का मोबाइल खरीदना महंगा पड़ गया। उक्त युवक ने गांव के ही युवक से सस्ते के लालच में आकर चोरी का मोबाइल खरीद लिया। मोबाइल बेचने वाले युवक ने रुपये की जरूरत का हवाला देकर मोबाइल चोरी का न होना बताकर उसे बेच दिया। उस वक्त तो युवक ने सस्ते के लालच में मोबाइल खरीद लिया। बाद में मोबाइल के कागज मांगने को लेकर दोनों पक्षों के युवकों के बीच हुई कहासुनी मारपीट में बदल गयी। दोनो पक्षों के बीच जमकर लात घूंसे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के तीन युवक घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन युवकों को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामला चोरी के मोबाइल का है। मोबाइल खरीदने व बेचने वाले तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।