अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)। कस्बे के मैन बाजार में रविवार की रात में दुकान का ताला तोड़कर चोर हजारों रुपये का सामान चुराकर ले गए। सोमवार की सुबह चोरी की घटना का पता चला। सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हो गया। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज से चोर की पहचान कराई जा रही है। पीड़ित व्यापारी ने तहरीर दी।
अग्रवाल मंडी टटीरी निवसी संदीप गोयल की मैन बाजार में किराना की दुकान है। व्यापारी संदीप गोयल ने बताया कि वह रविवार को शाम के समय दुकान बंद कर घर चला गया । सोमवार की सुबह साढ़े छह बजे दुकान पर गया तो मैन गेट का ताला टूटा पड़ा था। अंदर की लाइट जली हुई थी और सामान गायब था। रात्रि में चोर 80 रुपये की कीमत का सामान चोरी कर ले गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर कैद हो गया है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार चोर अकेला आता है और मैन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस जाता है। इसके बाद दुकान के आगे एक गाड़ी रुकती है। इसमें सामान रखकर चोर भाग जाता है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज के जरिये पुलिस चोर का पता लगाने में जुटी हुई है। व्यापारी संदीप गोयल ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। कस्बे के व्यापारी मनीष गोयल, प्रवीण गोयल ने बताया कि डायल 100 पुलिस को व्यापारी फोन करते रहे, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। इससे व्यापारियों में आक्रोश है। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से चोर की पहचान कराई जा रही है। जल्दी ही चोर को पकड़ लिया जाएगा।