बागपत। पुलिस ने फैजपुर निनाना गांव के जंगल में छापा मारकर मिलावटी शराब बनाने का खेल पकड़ा है। मौके से यूरिया खाद भी बरामद हुआ है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर अप मिश्रित शराब तैयार करने का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेजा।
कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार को सूचना मिली की कि फैजपुर निनाना गांव के जंगल में मिलावटी शराब बनाने का धंधा चल रहा है। उन्होंने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस ने जंगल में छापा लगाकर मिलावटी शराब बनाने का खेल पकड़ा। पुलिस को देखकर शराब माफिया भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेरकर सतेंद्र पुत्र अजय सिंह निवासी खेड़की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से अप मिश्रित शराब तैयार करने का सामान, 288 पव्वे, एक किलो यूरिया, एक बाल्टी, चार सिरिंज बरामद की। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। यहां से उसे जेल भेजा। जहरीली शराब को बनाकर आसपास के क्षेत्र में सप्लाई किया जाता था। एसपी शैलेश पांडेय का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।
जोरों पर मिलावटी शराब का धंधा
बागपत। जिले में कई जगह मिलावटी शराब बनाने का कारोबार चल रहा है। बड़ौत और रमाला क्षेत्र में कई बार मिलावटी शराब बनाने का धंधा भी पकड़ा जा चुका है, लेकिन इसके बाद भी शराब माफियाओं बाज नहीं आ रहे है। जिले में हरियाणा और अरुणाचल प्रदेशों से भी भारी मात्र में अवैध शराब की तस्करी होती है। पुलिस इन्हें नहीं रोक पा रहा है।
अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
बागपत। पुलिस ने ककड़ीपुर गांव से भूपेंद्र उर्फ मिंटू पुत्र प्रकाश निवासी ककड़ीपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छह बोतल व 23 अध्धे देसी शराब हरियाणा मार्का बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्कर के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया। उसे न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेजा।
मिलावटी शराब से जा चुकी कई जान
बागपत। जिले में मिलावटी शराब से पहले ही कई लोगों की जान जा चुकी है। लेकिन पुलिस के अदूरदर्शी और ढुलमुल रवैये के कारण धंधा फिर से शुरू हो जाता है। बालैनी में पिछले दिनों ही एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
शामली प्रकरण के बाद भी नहीं जागे
बागपत। शामली में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। इसके बावजूद पुलिस का रवैया सुधरने का नाम नहीं ले रहा है। देहात क्षेत्र में कई जगह अवैध शराब की बिक्री हो रही है।
एक्सप्रेस-वे से हो रही शराब की तस्करी
बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से शराब की तस्करी चल रही है। कई बार शराब के अवैध वाहन पलट चुके हैं और दो बार पुलिस भी मामला पकड़ चुकी है।