छपरौली (बागपत)।
ककौर गांव में मामूली कहासुनी को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडों और धारदार हथियार चले। इसमें दोनों पक्षों के तीन महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ककौर गांव निवासी करतार और चांद पाल पड़ोसी हैं। मंगलवार को दोनों में मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों तरफ से लाठी-डंडे, धारदार हथियार चलने लगे। पथराव भी हुआ। झगड़े में एक पक्ष के करतार, मुनेश और पुष्पा, दूसरे पक्ष के विकास, मुनेश, नीतू और चांद पाल घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़ा कर रहे लोगों को समझा कर शांत किया। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है। इस संबंध में एक पक्ष के निशांत पुत्र चांद ने करतार, उदयवीर, सुल्तान, मुनेश, अंकित, पुष्पा और शिवम, दूसरे पक्ष की मुनेश पत्नी उदयवीर ने विकास, नीशू, चांद पाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई । इस संबंध में थानाध्यक्ष वीके सिंह ने बताया दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।