अमीनगर सराय (बागपत)।
लुहारा गांव के जंगल में नलकूप की हौज में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सहारनपुर जनपद के पुठेड गांव निवासी इस्लामुद्दीन का 24 वर्षीय बेटा तारीख पिछले छह महीने से सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के लुहारा गांव में नरेंद्र पुत्र हरमाया की डेयरी पर नौकरी करता था। रविवार की सुबह वह नरेंद्र के खेतों में काम करने के लिए गया । दोपहर करीब 12 बजे नलकूप की हौज में तारीख का शव डूबा हुआ मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीण युवक की हत्या करने की आशंका जता रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हौज में डूबने से मौत नहीं हो सकती, क्योंकि उसमें मात्र दो फुट पानी है। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी ओमबीर गुप्ता ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।