बागपत। सोमवार को एसपी दफ्तर में दिन भर फरियादों की भीड़ लगी रही। इस दौरान कई गांवों से पहुंचे पीड़ितों ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
बिनौली थाना क्षेत्र के अंगदपुर जौहड़ी गांव के लोगों ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 23 अक्तूबर 2017 को शहजाद पुत्र हैदर अली निवासी अंगदपुर जौहड़ी को बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी। इसमें वह घायल हो गया । 25 अक्तूबर को मेरठ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । परिजनों ने एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई , पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने आरोपी को थाने से ही छोड़ दिया। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर भाई अब्बास, इमरान, रसीना, खेरून, सुगरा, फूलमिजरा आदि रहे।
फैजपुर निनाना निवासी वीर सैन पुत्र भागमल ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर उसका भाई कृष्णपाल ने बीमारी के कारण साहूकारों से कर्ज लिया । उसकी 10 नवंबर 2016 को मृत्यु हो गई। उसने साहूकारों को कर्ज चुका दिया। उन्हें हिसाब से ज्यादा रुपये दिए। अब साहूकार फिर से उस पर रुपये देने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने एसपी से हस्तक्षेप कर न्याय की गुहार लगाई
छपरौली कस्बा क्षेत्र की 15 वर्षीय दिव्यांग किशोरी अपने परिजनों के साथ एसपी से मिली और बताया कि आठ दिन पहले गांव का ही एक युवक उसे बहला-फुसला कर अपहरण कर ले गया । पानीपत में लेकर उसके साथ रेप की कोशिश की । विरोध करने पर आरोपी उसे पानीपत में बस स्टैंड पर छोड़कर भाग गया। हरियाणा पुलिस ने किशोरी को बरामद कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर छपरौली पुलिस को किशोरी को सौंपा। इस मामले में युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई, अभी तक भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने एसपी से न्याय की गुहार लगाई।