बड़ौत (बागपत)।
न्यू राम नगर बड़ौत से हरिद्वार कांवड़ लेने गया युवक लापता हो गया। जबकि उसके साथ गए भाई लौट आए हैं। युवक की पत्नी और घरवालों ने कोतवाली में तहरीर देकर युवक का पता लगाने की गुहार लगाई।
लापता विकास पुत्र राजपाल न्यू रामनगर बड़ौत का रहने वाला है। सोमवार को विकास की पत्नी मोहिनी और घरवाले कोतवाली पहुंचे और दी तहरीर में कहा विकास 17 जुलाई को अपने भाई दीपक, विकास और पड़ोसी छोटू के साथ हरिद्वार कांवड़ लेने गया था। उसने पुरकाजी तक अपने परिजनों से बात की, इसके बाद उसका पता नहीं चला और न ही मोबाइल मिला। जबकि उसके भाई और पड़ोसी घर आ चुके हैं। उन्होंने बताया विकास पुरकाजी में ही उनसे बिछड़ गया था। वे तभी से विकास की तलाश में जुटे हैं, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला है। उन्होंने पुलिस से हस्तक्षेप कर विकास का पता लगाने की मांग की। पुलिस ने तहरीर लेकर लापता विकास का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।