दोघट (बागपत)। थाना पुलिस और स्टैटिक टीम ने मेरठ-करनाल हाईवे पर सरोरा पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान कार से दो लाख रुपये की नगदी जब्त की। युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो वह रुपयों का कोई हिसाब नहीं दे सका। अब व्यापार कर की टीम पहुंचकर नगदी की जांच करेगी।
स्टैटिक टीम प्रभारी योगेंद्र मलिक व एसओ अजय शर्मा फोर्स के साथ मेरठ-करनाल हाईवे पर सरोरा पुलिस चौकी के पास लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। पुलिस ने स्विफ्ट कार को रोक कर तलाशी ली तो दो लाख रुपये की नगदी बरामद हुई। पुलिस कार चालक मोमिन पुत्र मंगलू निवासी रामनगर थाना सिंघावली अहीर को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पूछताछ में युवक नगदी का कोई हिसाब नहीं दे पाया। युवक ने बताया कि वह नगदी लेकर रिश्तेदारी में किसी कार्य से जा रहा है। लोकसभा चुनाव से उसका कोई मतलब नहीं है। एसओ अजय शर्मा ने बताया कि युवक नगदी का हिसाब नहीं दे पा रहा है। फिलहाल दो लाख रुपये जब्त कर लिए गए हैं। व्यापार कर की टीम नगदी की जांच करेगी।