बागपत। सहकारी चीनी मिल बागपत के संविदा गन्ना विकास निरीक्षक ओम सिंह से मारपीट करने एवं मुंह में पिस्टल डालकर मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मिल के बेगास ठेकेदार सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी की लोकेशन घटना के समय मेरठ में मिली। पुलिस उसकी जांच कर रही है।
शामली जनपद के राझड़ गांव निवासी ओम सिंह पुत्र भंवर सिंह सहकारी चीनी मिल बागपत में संविदा गन्ना विकास निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। एक फरवरी की रात आठ बजे चीनी मिल से दो युवक उन्हें बुलाकर ले गए । मिल कॉलोनी के एक मकान में बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई की । आरोप है कि एक युवक ने उनके मुंह में पिस्टल डाल दिया। लगभग दो घंटे तक पिटाई करने के बाद उन्हें मुख्य गन्ना अधिकारी राम स्नेही के आवास पर ले गए। आरोप है कि मुख्य गन्ना अधिकारी ने भी उनकी पिटाई की और अपने पैर पकड़वाए। इस मामले में पीड़ित ने मुख्य गन्ना अधिकारी राम स्नेही, मिल के बेगास ठेकेदार बब्बू पुत्र सत्यवीर निवासी ढ़िकौली व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस विवेचना में सहन्सर पाल ढाका उर्फ पिंटू पुत्र महक सिंह, मदन पाल पुत्र जयसिंह, अनुज पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी ढ़िकौली के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने शनिवार को आरोपी बब्बू, सहन्सर पाल ढाका, मदन पाल, अनुज को गिरफ्तार किया। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि आरोपी मुख्य गन्ना अधिकारी राम स्नेही की लोकेश घटना के समय मेरठ में मिली। उनकी नामजदगी को लेकर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई होगी। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उन्हें जेल भेजा।
झूठा फंसाया गया
बागपत। आरोपी बब्बू ने बताया कि वह ढ़िकौली के एमजीएम इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं। संविदा गन्ना विकास निरीक्षक ओम सिंह और मुख्य गन्ना अधिकारी राम स्नेही के बीच झगड़ा है। उन्हें झूठा फंसा दिया। उन्होंने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की।