जिला जेल में डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद कचहरी परिसर में भी चौकसी बढ़ा दी गई है। एसपी के आदेश पर पुलिस अधिकारियों ने कचहरी में सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध लोगों की तलाश ली गई। हालांकि कोई संदिग्ध युवक और सामान नहीं मिला।
बुधवार को सीओ बागपत दिलीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने कचहरी परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। न्यायालय में मुकदमों की पैरवी पर आए लोगों की तलाशी ली गई। सामान की अच्छी तरह जांच की। कोर्ट में पेशी पर आए अपराधियों से मिलने वालों की वीडियो बनाई। वहीं कचहरी में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रही। मुख्य द्वार भी पुलिस कर्मियों ने लोगों की तलाश लेकर ही अंदर जाने दिया। सीओ ने बताया कि संदिग्ध लोगों की तलाश में अभियान चलाया गया था। कोई भी प्रतिबंधित वस्तु नहीं पकड़ी गई। कचहरी परिसर में इधर-उधर घूम रहे लोगों से पूछताछ की। बता दें कि गत सोमवार को जिला जेल में डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या की। डॉन की हत्या के बाद कचहरी में चौकसी बढ़ाई गई है।