बड़ौत (बागपत)। दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के मैदान पर हुई नेशनल गेम्स चैंपियनशिप के आयोजकों पर खिलाड़ियों से अवैध वसूली के आरोपों के विरोध में रविवार को छात्रों ने गांधी रोड पर प्रदर्शन किया, बाद में कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
रविवार को दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष अक्षय चौहान के नेतृत्व में छात्रों ने गांधी रोड पर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि कॉलेज प्राचार्य से मैदान की अनुमति लेने के बाद दो दिवसीय नेशनल गेम्स चैंपियनशिप का आयोजन दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के मैदान पर किया गया था। इसके बावजूद छात्रसंघ अध्यक्ष अक्षय चौहान की छवि खराब करने के लिए राजनीतिक रूप से कुछ बाहरी युवकों ने खेल आयोजकों पर खिलाड़ियों से अवैध वसूली करने का झूठा आरोप लगाया। इसके बाद सभी छात्र कोतवाली पहुंचे और तहरीर देकर मामले की निष्पक्षता से जांच कर झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान हैप्पी शर्मा, प्रवण पंवार, दीपक, नितिन, सचिन, अमित, नीटू, नवीन, गौरव आदि शामिल रहे। पुलिस का कहना था कि दोनों पक्षों से तहरीर आई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।