नौरोजपुर गांव में पिछले माह भट्ठा कारोबारी और व्यापारी से लूट की घटनाओं का खुलासा हो गया है। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर हथियार एवं नगदी बरामद की। इनके अलावा बदमाश पांच-छह लूट की वारदात कर चुके हैं। पुलिस ने बदमाशों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा।
कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आठ अप्रैल को नौरोजपुर गांव में व्यापारी संजय गुप्ता पुत्र सूरजभान की दुकान से बाइक सवार दो बदमाश 50 हजार रुपये लूट गए थे। वहीं गांव के ही भट्ठा कारोबारी ओमवीर पुत्र जिले सिंह से गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने 1.90 लाख रुपये की लूट की । इसने अलावा एक दिल्ली पुलिस के सिपाही से भी नौरोजपुर मार्ग पर चीलघर के पास लूटपाट हुई । व्यापारी और भट्ठा कारोबारी ने कोतवाली में लूट का मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन दिल्ली पुलिस के सिपाही ने कोई सूचना नहीं दी। सोमवार की शाम मीतली गांव के जंगल से पकड़े शामली जनपद के भनेड़ा गांव निवासी वसीम पुत्र इमामुद्दीलन, नंगला जाफराबाद गांव निवासी साहिल पुत्र जमील, न्यू एकता कॉलोनी बागपत निवासी अहसान पुत्र दीन मोहम्मद ने पांच-छह लूट की घटनाओं को अंजाम देना कबूल किया। पूछताछ में बदमाशों ने पुलिस को बताया कि इनके अलावा भी उन्होंने पांच-छह लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया। किसी से पांच सौ रुपये तो किसी से दो हजार रुपये लूटते थे। दिल्ली पुलिस के सिपाही से नगदी और मोबाइल लूटा था। बाद में मोबाइल लौटा दिया था। उन्होंने दिल्ली पुलिस के सिपाही से लूट की घटना में शामिल रहे माता कॉलोनी बागपत निवासी अनसार का नाम भी पुलिस को बताया। पुलिस ने अनसार को भी गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, निशाना लगाने वाली नकली पिस्टल, कारतूस, दो छुरे एवं लूटी राशि में से छह हजार रुपये बरामद किए। पुलिस ने चारों बदमाशों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा। उन्होंने बताया कि फरार बदमाश शाहरुख की तलाश में पुलिस लगी हुई है। उसे भी शीघ्र पकड़ लिया जाएगा।
पांच युवकों ने बना रखा था लुटेरा गैंग
बागपत। पकड़े गए लुटेरे 18 से 22 साल की उम्र के हैं। चारों शातिर बदमाश है। पुलिस ने बताया कि पांच युवकों का गैंग है। ये पिछले कई माह से क्षेत्र में राहगीरों से लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे। अमीर बनने के लिए लूटपाट करते थे। अनसार का ईद के बाद निकाह होना था। शादी में रुपये की जरूरत पड़ेगी, इसलिए लूटपाट की घटनाएं कर रहा था।
प्रधान से लूट का खुलासा नहीं कर पाई पुलिस
बागपत। बली गांव के प्रधान भोपाल सिंह ने हजारों रुपये की लूट के मामले का पुलिस दो सप्ताह बाद भी खुलासा नहीं कर पाई है। लूटपाट करने वाले बाइक सवार तीन बदमाश सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गए थे। फुटेज से भी बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है।