हरचंदपुर गांव के जंगल में बिना अनुमति के पांच आम के हरे पेड़ काट दिए। वन विभाग व पुलिस टीम ने छापा मारकर पेड़ काट रहे ठेकेदार को रंगे हाथों पकड़ लिया और लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया। इस संबंध में वन दरोगा ने खेत मालिक व ठेकेदार के खिलाफ कोतवाली मेें रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सोमवार को क्षेत्रीय वन अधिकारी बागपत राजेश कुमार को सूचना मिली कि हरचंदपुर गांव के जंगल में नरेंद्र पुत्र महावीर निवासी सुन्हैड़ा के खेत में हरे पेड़ काटे जा रहे हैं। वन विभाग व पुलिस की टीम ने हरचंदपुर गांव के जंगल में छापा मारकर आम के पेड़ काट रहे ठेकेदार को रंगे हाथों पकड़ लिया। जांच में पता चला कि बिना अनुमति के हरे पेड़ काटे जा रहे थे। पुलिस ने लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर ठेकेदार को हिरासत में ले लिया। वन दरोगा मनोज कुमार ने खेत मालिक नरेंद्र निवासी सुन्हैड़ा व लकड़ी ठेकेदार साजिद पुत्र यासीन निवासी धौलड़ी जनपद मेरठ के खिलाफ उप ग्रामीण वृक्ष संरक्षण अधिनियम 1976 संशोधित 2000 की धारा 4/10 के अंतर्गत बागपत कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।