खेकड़ा। जिला कारागार में सोमवार की रात में रोटी परेड के समय बंदियों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पांच बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। इनमें प्रमोद गांगनौली गैंग का सदस्य रवि शर्मा भी शामिल है। जेल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बंदियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
जेल में सोमवार को रात के समय बंदियों की रोटी परेड शुरू हुई । वहां पर दो गिरोह के बदमाशों के बीच कहासुनी हो गई । बाद में संघर्ष में बदल गई । दोनों ओर से कट्टन और पाइपों का प्रयोग हुआ । इससे हड़कंप मच गया । जेल में तैनात पीएसी, पुलिस और जेल अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर लाठी फटकाकर किसी तरह मामला शांत किया था। संघर्ष में कुख्यात प्रमोद राठी का भाई रवि राठी गांगनौली, शीलू दाहा, अमरपाल लुहारा, सुधीर गांछगरौली, पिंटू सिनौली समेत कई बंदी घायल हो गए थे। शीलू दाहा को सिर में ज्यादा चोट लगी । घायलों को जेल के अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में बंदी शीलू ने जेल प्रशासन को तहरीर दी। डिप्टी जेलर सुरेश बहादुर सिंह ने बताया शीलू ने आरोपी अंकित निवासी दोघट, सोनू निवासी सिलाना, रवि शर्मा निवासी बिजरौल, मनीष व लविश निवासी रठौड़ा पर हमला करने का आरोप लगाया है। यह शिकायत पत्र खेकड़ा थाने को भेज दिया है। उधर खेकड़ा थाना प्रभारी एसपी सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ तक पहुंची जेल संघर्ष की गूंज
बागपत। जेल में हुए संघर्ष की गूंज लखनऊ तक पहुंच गई। उच्चाधिकारियों ने जनपदीय अफसरों से फोन पर जानकारी की गई। उधर खेकड़ा थाना इंचार्ज ने जेल में पहुंचकर जांच पड़ताल की।
शीलू के सिर में लगे 21 टांके
खेकड़ा। संघर्ष में बंदी शीलू के सिर में ज्यादा चोट लगी है। उसके सिर में चिकित्सकों ने 21 टांके लगाए है। फिलहाल उसका जेल अस्पताल में ही इलाज चल रहा है।
बंदी रक्षक को धमकी देने पर शराब
तस्कर के खिलाफ हुई एफआईआर
बागपत। जेल में तैनात बंदी रक्षक कुशल कुमार ने सोमवार को निरीक्षण के समय अफसरों को बताया था कि कारागार में बंद अपराधी पिंटू निवासी सिनौली व उसके साथी उसके साथ गाली-गलौज करता है और जान से मारने की धमकी देता है। आरोपी अपनी तलाशी भी नहीं लेने देता हे। इससे वह भयभीत है। एसपी जय प्रकाश ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया । पीड़ित की तहरीर पर आरोपी पिंटू व उसके साथियों के खिलाफ खेकड़ा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी शराब की तस्करी करता है। खेकड़ा एसओ का कहना है कि केस की विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।