अमीनगर सराय (बागपत)। कस्बे की टंकी के पास किसान राज कुमार को सफारी गाड़ी में सवार लोगों ने हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया। विरोध करने पर पत्नी और अन्य लोगों को जान से मारने की धमकी दी। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है।
सिंघावली अहीर क्षेत्र के कमाला गांव निवासी राज कुमार अपनी पत्नी नीतू और बेटे अनिकेत के अलावा गांव के देवेंद्र कुमार के साथ वैगन आर गाड़ी में सवार होकर बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली के गाजीपुर में रिश्तेदारी में जा रहा था। गाड़ी को गांव का ही युवक लाला चला रहा था। कार सवार देवेंद्र कुमार के मुताबिक गाड़ी करीब साढ़े 11 बजे कस्बा अमीनगर सराय के टंकी के पास पहुंची तभी पीछे से सफेद कलर की टाटा सफारी गाड़ी आई और उनकी वैगन आर के सामने खड़ी कर दी। इसमें से तीन लोग निकले। आरोपियों के हथियारों के बल पर राज कुमार को गाड़ी से निकाल लिया और अपनी गाड़ी में जबरदस्ती डालकर बुढ़सैनी की ओर लेकर फरार हो गए। विरोध करने पर आरोपियों ने उनको भी जान से मारने की धमकी दी। आरोपी कौन और कहां के है इसका अभी तक पता नहीं चला है। राज कुमार को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इससे वे भयभीत है। उन्होंने सिंघावली अहीर थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने कहा मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही राजकुमार को बरामद कर लिया जाएगा।
परिजन बोले, हमारी नहीं किसी से रंजिश
अमीनगर सराय। राज कुमार के परिजनों ने कहा उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। उनका अपहरण किसने और क्यों किया, इसका पता नहीं है। उन्होंने पुलिस से राज कुमार की बरामदगी की मांग की है।