बागपत। सिंघावली अहीर क्षेत्र के एक गांव में हैंडपंप के पानी की जांच करने गई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को मारपीट कर जमीन पर घसीटने और कपड़े फाड़ने के मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
पीड़िता ने अफसरों को बताया था कि वह हैंडपंप के पानी की जांच करने के लिए 8 जुलाई को एक हैंडपंप पर गई थी। वहां पर पड़ोस के कुछ लोग इकट्ठा हो गए और उस पर हैंडपंप में जहरीला पदार्थ डालने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज करने लगे थे। विरोध करने पर उसकी बुरी तरह से पिटाई की और कपड़े फाड़ दिए थे। आरोपियों ने जमीन पर घसीटते हुए उसको अपने घर पर ले जाने का प्रयास किया था। किसी तरह उसकी इज्जत बची थी। इसके बाद आरोपी धमकी देकर चले गए थे। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी तहरीर पर आरोपी अंकुर, गौरव, बबलू, विपिन उर्फ भूरा और किलोपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उधर, थानाध्यक्ष तेजेंद्रपाल सिंह का कहना है कि विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।