बागपत। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के पिलाना भट्ठे के पास तीन लोगों को गोली मारकर बाइक लूट की घटना में पुलिस को कोई कामयाबी नहीं मिली है। दो टीमें घटना के खुलासे में लगी हुई है। दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ में दबिशें दी गई, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। पुलिस अफसरों का दावा है कि जल्दी ही खुलासा किया जाएगा।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के पिलाना भट्ठे के पास बृहस्पतिवार की रात में बाइक सवार दो बदमाशों ने हिसावदा गांव निवासी मनोज जाटव, पिलाना निवासी कुलदीप त्यागी, हरियाणा निवासी सतीश को लूट के विरोध पर गोली मारकर घायल कर दिया था। बदमाश कुलदीप त्यागी से बाइक और मोबाइल लूट ले गए थे। घटना स्थल से थोड़ा आगे लूटी गई बाइक पड़ी मिली थी। पिलाना गांव के पास दूध प्लांट में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों बदमाश कैद हो गए थे। पुलिस दोनों बदमाशों की पहचान कराने में लगी है, लेकिन अभी तक बदमाश नहीं मिले। पुलिस ने दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ में कई स्थानों पर दबिशें दी। दिल्ली से तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सिंघावली अहीर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम घटना के खुलासे में लगी है। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सर्विलांस की भी मदद ली गई है। खेकड़ा थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना में भी ये दो बदमाश शामिल रहे है। जल्दी ही बदमाशों के गिरफ्तार कर लिया जाएगा।