बिनौली (बागपत)। माल माजरा गांव के जंगल में हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से दो किसानों की नौ बीघा ईख की फसल जल गई। गुस्साए ग्रामीणों ने विद्युत कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुये प्रदर्शन किया।
जिवाना गुलियांन गांव निवासी केलावती पत्नी मा. सोहनबीर सिंह व कमल पुत्र श्याम सिंह के माल माजरा गांव के जंगल में खेत हैं। शुक्रवार देर शाम उनके खेतों के ऊपर से गुजर से जर्जर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर ईख की फसल में गिर गया। इससे केलावती की छह बीघे और कमल की तीन बीघे ईख की फसल आग की भेंट चढ़ गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
उन्होंने कहा कि जर्जर विद्युत लाइन बदलवाने की कई बार मांग की जा चुकी थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। गुस्साए ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया और प्रशासन से मुआवजे की मांग की। पीड़ित किसानों ने थाने पर ईख जलने की तहरीर भी दी। प्रदर्शन में सेंसर पाल, संजीव कुमार, बिल्लू, हरेंद्र, ऋषिपाल, रोबिन, धर्मपाल सिंह, जयबीर सिंह, लोकेश आदि शामिल रहे।