फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बच्चों और महिलाओं को रिश्तेदारी में भेजा, धमकी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमीनगर सराय (बागपत)। कमाला गांव में पिटाई से हुई दलित युवक की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को फिर से धमकी मिली है। इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद भी दलित परिवार भयभीत हैं। अधिकतर महिलाओं और बच्चों को रिश्तेदारी में भेज दिया है। ग्रामीणों के अनुसार कई दलित परिवार गांव से पलायन करने की तैयारी कर रहे हैं। दूसरी तरफ पुलिस शेष आरोपी युवकों की तलाश में जुटी हुई है। परिजनों के अनुसार गांव में बृहस्पतिवार को आकाश की तेरहवी होगी।
विज्ञापन

कमाला गांव निवासी दलित युवक आकाश की मौत के बाद उसके पिता धर्मपाल ने बताया कि इस घटना के बाद परिवार सहित दलित बिरादरी के लोग दहशत में जी रहे हैं। उन्हें फिर से धमकी मिली है कि यदि फैसला नहीं किया तो बहू-बेटी को उठाकर ले जाएंगे। एक को भी जिंदा नहीं छोड़ेंगे। इस धमकी के बाद से दलित परिवार दहशत में हैं और अधिकतर महिलाओं और बच्चों को रिश्तेदारी में भेज दिया है। आरोपियों के डर से दलित समाज के कई परिवार पलायन करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमें इंसाफ चाहिए। उनका बेटा आकाश बेगुनाह था। इस मामले में अभी कई आरोपी युवक फरार हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। वहीं पुलिस आरोपी युवकों का पता लगाने में जुटी हुई है। उधर इस मामले में घायल मनीष ने पुलिस को कुछ और आरोपी युवकों के नाम भी बता दिए हैं। पुलिस उनकी भी जांच कर रही है। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी गई है। धमकी देने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है। पुलिस भेजकर मामले की जांच कराई जा रही है। गांव में कोई दहशत नहीं है।

यह था मामला
अमीनगर सराय। कमाला गांव में 27 अप्रैल की शाम आठ बजे दलित युवक आकाश पुत्र धर्मपाल व मनीष पुत्र नरेश को 10-12 युवक कार में डालकर श्मशान घाट में ले गए थे। वहां पर दोनों की बेरहमी से पिटाई की। मनीष को छोड़ दिया था, लेकिन आकाश को फट्टों और डंडों से पीटा। तमंचों से निजी अंगों पर वार किए थे। उसके पैर के नाखून तक उखाड़ दिए थे। पिटाई करने के बाद दोनों को गांव में एक कमरे में बंद कर भाग निकले थे। दहशत के कारण चार दिन तक दलित परिवार थाने नहीं पहुंचा था। आकाश की हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ भर्ती कराया। सात मई को आकाश की इलाज के दौरान मौत हो गई।
विज्ञापन


दलित परिवार से मिलने पहुंचे कांग्रेस नेता
अमीनगर सराय । बुधवार को कांग्रेस पार्टी के एससी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष योगी जाटव कमाला गांव में पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। घायल युवक मनीष ने घटना के बारे में बताया। योगी जाटव ने कहा कि भाजपा सरकार दलित विरोधी है। योगी राज में अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है और बेगुनाह लोगों के फर्जी एनकाउंटर किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ितों के साथ है और वह इनकी हक की लड़ाई लड़ेंगे। इस घटना के बारे में अपने राष्ट्रीय नेताओं से बात करके राष्ट्रपति को ज्ञापन दिया जाएगा। उनके साथ प्रदेश सचिव अरुण कुमार, तेजपाल जाटव, नरेश वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें