अमीनग सराय (बागपत)। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो सगी बहनों से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। स्कूल से घर लौट रही दोनों छात्राओं से बाइक सवार युवकों ने छेड़छाड़ की। आरोप है कि विरोध करने पर कपड़े फाड़ने की कोशिश की। जब छात्राओं के परिजन पुलिस से शिकायत करने के लिए जाने लगे तो उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। पीड़ित पक्ष ने चार-पांच युवकों के खिलाफ तहरीर दी ।
सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति मिट्टी के बर्तन बनाता है। उसकी दो बेटियां हैं। एक बेटी कक्षा नौ और दूसरी बेटी कक्षा 11 की छात्रा है। गांव के ही एक इंटर कॉलेज में पढ़ती है। उसने बताया कि पिछले चार दिन से गांव के पांच-छह युवक दोनों बहनों का बाइकों से पीछा करते हैं और उन पर फब्तियां कसते हैं। बुधवार को दोनों बहने जब पढ़ाई कर स्कूल से घर लौट रही थी तो बाइक पर सवार होकर चार-पांच युवक आए और उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। आरोप है कि हाथ पकड़ कर बाइक पर बैठाने की कोशिश की। शोर शराब सुनकर लोग वहां पहुंचे तो आरोपी युवक धमकी देकर भाग निकले। दोनों बहनों ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन जब पुलिस से शिकायत करने जाने लगे तो आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला बोल दिया। इसमें छात्रा के पिता घायल हो गए। हमलावर धमकी दी यदि पुलिस से शिकायत की तो जान से मार देंगे, भाग गए।
सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और पीड़ित परिवार को थाने ले आई। पिता ने चार-पांच युवकों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पीड़ित परिवार के घर पहुंचते ही कुछ लोग वहां पहुंचे और मामले में समझौते का दबाव बनाने लगे। धमकी से पीड़ित परिवार भयभीत है। उन्होंने पुलिस सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ओमवीर गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई होगी।