बागपत। औद्योगिक क्षेत्र में चार दिन पहले हत्या कर जलाए गए शव के रहस्य से पुलिस पर्दा नहीं उठा पाई है। जिले में कोई गुमशुदगी दर्ज न होने के कारण पुलिस की कार्रवाई भी ढीली चल रही है।
सोमवार को सुबह के समय औद्योगिक क्षेत्र बागपत में ओसो पैकेजिंग फैक्ट्री के पास जली अवस्था में शव पड़ा हुआ है। पुलिस को घटना स्थल से महिला की टूटी चूड़ी, एक कान की बाली, चाकू, सब्जियां, मट्ठे की बोतल खून से सनी हुई मिली है। इससे अंदाजा लगाया जा रहा था कि शव महिला का है। इस मामले में निवाड़ा गांव के चौकीदार तौफिक पुत्र शौकत ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में घटना स्थल की तरफ स्विफ्ट कार जाती देखी गई थी। घटना के चार दिन बाद भी पुलिस अंधेरे में ही तीर चला रही है। पुलिस को अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लग सके। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि जनपद में पिछले 15 दिन से कोई गुमशुदगी भी दर्ज नहीं हुई है। थाना पुलिस जले हुए शव के मामले का खुलासा करने में जुटी है।