बड़ौत (बागपत)।
हिलवाडी गांव में बृहस्पतिवार को ग्राम सचिवालय पहुंचे ग्राम सचिव को कुछ ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। ग्राम सचिव ने कहा गांव के कुछ लोगों ने ग्राम सचिवालय भवन पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस मामले मेें ग्राम सचिव ने बीडीओ को शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की।
बृहस्पतिवार को ग्राम सचिव विकास राठी विभागीय कार्यों के चलते हिलवाडी गांव स्थित सचिवालय भवन पर पहुंचे। तभी कुछ लोग वहां आ धमके और कहा ग्राम सचिवालय भवन हमारा है, हम इस पर कोई सरकारी कार्य नहीं होने देंगे और कहासुनी कर ग्राम सचिव को दौड़ा लिया। ग्राम सचिव ने विरोध किया तो उक्त लोग मारपीट पर उतारू हो गए। बाद में ब्लाक कार्यालय में पहुंचकर ग्राम सचिव विकास राठी ने उक्त मामले की जानकारी बीडीओ प्रेमचंद को दी। इस संबंध में ग्राम सचिव विकास राठी ने कहा कुछ लोगों ने जबरन सचिवालय पर अवैध कब्जा कर रखा है। पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी है। बीडीओ प्रेमचंद ने कहा ग्राम सचिव ने सचिवालय पर अवैध कब्जे की शिकायत की है। पुलिस प्रशासन से मदद जांच कर उक्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रमेश ने कहा कुछ लोगों ने ग्राम सचिवालय भवन पर अवैध कब्जा कर रखा है, इस संबंध मेें कई बार अफसरों से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।