बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर मिनी ट्रक में गाय ले जाते हुए दो लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। इनके पास गाय ले जाने की अनुमति नहीं थी। पुलिस का मानना है कि आरोपी कटान के लिए गाय ले जा रहे थे। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
बागपत की ओर से बंद मिनी ट्रक में दो लोग गाय लेकर जा रहे थे। पुलिस ने कलक्ट्रेट के पास ट्रक को पकड़ लिया और उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया। चेकिंग करने पर ट्रक से गाय बरामद हुई। आरोपियों के पास गाय ले जाने की अनुमति नहीं मिली। पूछताछ करने पर पता चला आरोपी दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी दिलशाद और सीलमपुर निवासी वसीम है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी कटान के लिए गाय लेकर जा रहे थे। हालांकि आरोपियों ने कहा उनकी दिल्ली में डेरी है। गाय कम दूध देने लगी । उसको निवाड़ा गांव में एक व्यक्ति के पास छोड़ने जा रहे हैं। उनके द्वारा गोकशी नहीं की जाती है। उधर कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधु ने कहा आरोपियों से पूछताछ और जांच पड़ताल की जा रही है। इसी के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी।
बड़े स्तर पर हो रही गोवंश तस्करी
बागपत। गोवंश तस्करी बड़े स्तर पर चल रही है। चार दिन पहले नौरोजपुर गुर्जर गांव के जंगल से ट्रक में लादकर गोवंश ले जाने का तस्कर प्रयास कर रहे थे। जानकारी मिलते ही ग्रामीण वहां पर पहुंचे, तस्कर खुद को घिरता देर फायरिंग कर भाग गए थे।