एसपी दफ्तर पर फोटो खिंचवाकर लौट गया वांछित
बागपत। पुलिस की सक्रियता की एक बार फिर पोल खुल गई। मारपीट और रेप का प्रयास करने का आरोपी ब्राह्मण पुट्ठी का प्रधान समर्थकों के साथ एसपी दफ्तर पर पहुंचा। खुद को निर्दोष बताते हुए ज्ञापन दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने की जहमत नहीं उठाई। उधर, पीड़ित पक्ष ने दर्जनों परिवार के साथ रविवार को गांव छोड़ने की चेतावनी दी। एसपी से पुलिस सुरक्षा मुहैय्या कराने की मांग की।
ब्राहमण पुट्ठी के प्रधान पर मुकदमा दर्ज है। इसके बावजूद वह समर्थकों के साथ शुक्रवार को एसपी दफ्तर पर पहुंचा। आरोपी प्रधान राजकुमार ने कहा कि गांव की पार्टीबाजी के चलते उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए है। उनका इन घटनाओं से कोई लेनादेना नहीं है। दो मामलों में वांछित होने के बावजूद पुलिस ने उसे नहीं हिरासत में नहीं लिया। उधर, पीड़ित महिला ने बताया कि चुनाव में वोट न देने से ग्राम प्रधान राजकुमार उनके परिवार से रंजिश रखता है। आरोपी ने 30 अगस्त को उसके ससुर को अपने घर में खींचकर मारपीट की तथा कनपटी पर पिस्टल लगाकर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। आरोप लगाया कि अगले ही दिन प्रधान ने अपने साथी के साथ मिलकर घर में घुसकर मारपीट की पिस्टल दिखाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि दो मुकदमें दर्ज होने के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपी खुलेआम घूम रहे है और केस में समझौता करने का दबाव बना रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। इससे पूरा परिवार दहशत में है। आरोपी के डर से दर्जनों परिवार रविवार को पलायन की तैयारी कर रहा है। उन्होंने एसपी से शिकायत करते हुए पुलिस सुरक्षा मुहैय्या कराने की मांग की है। उधर एसपी डी प्रदीप कुमार ने दोनो पक्षों की सुनते हुए कोतवाली पुलिस को केस की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।