छात्रों के बीच संघर्ष, दो घायल
खतौली (मुजफ्फरनगर)। छात्र गुटों में पैसों के लेनदेन को लेकर बुआड़ा रोड पर मारपीट हो गई। मारपीट में छात्रों के बीच जमकर बेल्टें चलीं। इस दौरान वहां पर अफरातफरी मच गई। मारपीट में दो छात्र घायल हो गए।
बृहस्पतिवार की शाम को कुछ छात्र ट्यूशन पढ़कर अपने घर जा रहे थे। रास्ते में इन छात्रों के दो गुटों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद एक गुट के पांच छात्र बुआड़ा रोड की ओर भाग निकले। दूसरे गुट के छात्रों ने भागकर इन छात्रों को पकड़ लिया। इसके बाद छात्रों के बीच मारपीट हुई। मारपीट में दोनों ओर से छात्र एकदूसरे पर बेल्टों से हमला किया। संघर्ष में छात्र अंशुल और दीपक घायल हो गए। छात्रों को लहूलुहान देखकर आरोपी छात्र वहां से भाग निकले। आरोपियों के भागने के बाद दोस्तों ने घायल छात्रों का प्राइवेट चिकित्सक के यहां उपचार कराया। इस घटना की अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।