अमीनगर सराय (बागपत)। सिंघावली अहीर गांव में रविवार रात्रि में चोर यूपी पुलिस के सिपाही के मकान के ताले तोड़कर नगदी, समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने तहरीर दी।
सिंघावली अहीर गांव निवासी टिंकू पुत्र धर्मवीर यूपी पुलिस का सिपाही है। वह गढ़ मुक्तेश्वर में तैनात है। रविवार को सिपाही घर में ताला लगाकर अपनी पत्नी व बच्चों के साथ रिश्तेदारी में गया । सोमवार की शाम पांच बजे परिवार घर लौटा तो मकान के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा मिला। रात्रि में चोर एक किलो चांदी, सात तौले सोना, एक चेन, एक जोड़ी कुंडल, एक अंगूठी, 50 हजार रुपये की नगदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। सिपाही ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। सिंघावली अहीर थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।