बिनौली (बागपत)।
धनौरा सिल्वर नगर गांव मेें रविवार की रात में युवक ने बेटे के सामने ही पत्नी की ईंट से पीट-पीट कर हत्या कर दी। बेटे की भी मारने का प्रयास किया, लेकिन पड़ोसियों ने बचाया। आरोपी वारदात को अंजाम देकर गांव से भाग गया। हत्या की वजह आरोपी के अवैध संबंध बताए गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पड़ोसी युवक ने आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई ।
धनौरा सिल्वरनगर गांव निवासी मुनेश देवी (45) पत्नी सोराज का अपने पति से विवाद चल रहा था। उसके पति के छपरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला से अनैतिक संबंध हैं। इसका वह विरोध करती थी। पड़ोसी भूपेंद्र राणा ने बताया कि रविवार को मुनेश देवी और उसका 11 वर्षीय बेटा आदित्य घर में थे। उसका बड़ा बेटा राजन दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। रात्रि 11 बजे के लगभग पिता सोराज ने बेटे आदित्य की पिटाई कर दी। इसका मुनेश ने विरोध किया तो उसने पत्नी पर ईंट से हमला बोल दिया। उसकी ईंट से पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी। बेटे आदित्य ने पूरी घटना को देखा। इसके बाद उसने बेटे की हत्या करनी चाहिए, लेकिन पड़ोसियों ने उसे बचा लिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग गया। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उठाकर सीएचसी बिनौली ले गई, लेकिन वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा। इस मामले में पड़ोसी भूपेंद्र राणा ने पति सोराज के खिलाफ थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष अनुराग शर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उसे पकड़ लिया जाएगा।
पापा बहुत बुरे हैं, मम्मी को मार डाला
बिनौली। बेटे आदित्य ने रोते हुए पुलिस को बताया कि पापा ने मम्मी को मार डाला। पापा ने पहले मम्मी को बिजली का करंट लगाया। जब वह बच गई तो उसे जमीन पर गिराकर उसके सिर में ईंट से कई वार किए। पापा मेरी मम्मी की छाती पर बैठकर सिर में ईंट मार रहे थे। मम्मी को मारने के बाद पापा मुझे मारने दौड़े, लेकिन मैने शोर मचा दिया। पड़ोसी अंकल ने मुझे बचाया। पापा बहुत बुरे है, उन्हें मत छोड़ना। उसे काफी चोटें आई हुई हैं। वारदात के बाद से वह बहुत डरा हुआ है।
एक माह पहले ही घर लौटा था पति
बिनौली। मृतक के बेटे राजन ने बताया कि मम्मी का पापा सोराज से काफी दिनों से मनमुटाव चल रहा है। पापा के छपरौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला से अनैतिक संबंध हैं। इसे लेकर मम्मी विरोध करती है। एक साल पहले पापा घर छोड़कर अपनी प्रेमिका के पास चले गए थे। उन्होंने मकान की वसीयत भी उसी के नाम कर रखी है। एक माह पहले ही पापा घर लौटकर आए थे। इसके बाद उन्होंने मम्मी को मौत के घाट उतार दिया।
तीनों बेटियों की हो चुकी है शादी
बिनौली। मृतक मुनेश देवी के तीन बेटी और दो बेटे हैं। तीनों बेटियों की शादी हो चुकी है। बड़ा बेटा राजन दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। छोटा बेटा आदित्य मां के पास ही रहकर पढ़ रहा है। मां मजदूर कर परिवार का पालन पोषण कर रही है।
घर में आए थे कौन लोग
बिनौली। सोराज अपनी पत्नी मुनेश देवी पर आए दिन अनैतिक कार्यों का दबाव भी बनाता था। उसके पास कई आपराधिक किस्म के लोगों का आना जाना है। रविवार की रात भी वारदात से पहले दो लोग घर पर आए । पुलिस जांच कर रही है, वह कौन लोग थे जो घर आए थे।
अपने ही कर रहे है रिश्तों का खून
बागपत। अपने ही अपनों के दुश्मन बने हैं। कोई जमीन के लिए तो कोई अन्य छोटी-छोटी बातों पर रिश्तों का खून कर रहे हैं। जिले में पिछले छह माह में इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी है। हिसावदा में बहन ने प्रेम संबंधों में आड़े आने पर सात वर्षीय भाई की हत्या करा दी । बसौद में भी बहन ने प्रेमी के साथ मिलकर भाई की फांसी लगाकर हत्या कर दी । गाधी में भाई ने सुपारी देकर भाई का कत्ल कराया। बिनौली क्षेत्र के माल माजरा गांव में बड़े भाई ने जमीन के लिए छोटे भाई की हत्या करा दी । लूंब गांव में जमीन के लिए बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या कर दी और उसके शव को गंगनहर में बहा दिया । फैजपुर निनाना में पुरानी दुश्मनी के चलते कुटंबी चाचा ने युवक की हत्या कर दी। इसके अलावा भी कई हत्या इन्ही कारणों से हो चुकी है।