बागपत। मोहल्ला देशराज में मायके में रह रही विवाहिता को ससुराल वाले घर से जबरन उठा ले गए। शोर मचाने पर लोगों ने आरोपियों को घेर लिया। महिला को किसी तरह उनके चंगुल से छुड़ाया। तीन लोगों को पकड़ कर उनकी पिटाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। महिला ने पति समेत तीन के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला देशराज बागपत निवासी शफीक ने अपनी बेटी सोनम उर्फ रुखसार का निकाह एक साल पहले मसूरी गांव निवासी शहजाद पुत्र उम्मेद के साथ किया था। पिता ने बताया कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर ससुराल वाले रुखसार को प्रताड़ित करने लगे थे। चार माह पहले ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी थी, जिससे उसका गर्भपात भी हो गया था। ससुरालवाले उसे मृत समझकर बागपत मेें फेंक कर भाग निकले थे। महिला थाने में उनका मुकदमा भी चल रहा है। आरोप है कि शुक्रवार को पति शहजाद, जेठ नौशाद समेत चार-पांच लोग कार में सवार होकर बागपत आए और रुखसार को मारपीट कर जबरन उठाकर ले गए। घर पर उसे समय रुखसार व उसकी भाभी ही मौजूद थी। रुखसार की भाभी ने शोर मचा दिया। शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के लोगों ने आरोपियों को घेर लिया और महिला को उनके चंगुल से छुड़ा कर तीन लोगों को पकड़ लिया जबकि अन्य लोग भाग निकले। लोगों ने आरोपियों को मारपीट कर सूचना पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने पति समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। रुखसार ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।