बड़ौत (बागपत)। जहर खुरानी गिरोह ने मंगलवार को शाम के समय दिल्ली से शामली जा रही बस में सवार मजदूर को नशीले बिस्किट खिलाकर बेहोश कर नगदी व अन्य सामान लूट ले गए। बुधवार तड़के मजदूर बेहोशी हालत में दिल्ली बस स्टैंड पर मिला। लोगों ने पीड़ित मजदूर को कुछ पैसे देकर उसे शामली की ओर रवाना कर दिया।
पीड़ित मजदूर सूरज पुत्र लाल सिंह बिहार का रहने वाला है। वह मंगलवार को शाम के समय एक प्राइवेट बस में दिल्ली से शामली जा रहा था। तभी उसकी सीट के पास बैठे दो युवकों ने उसेे नशीले बिस्किट खिला दिए। धीरे-धीरे उसे बेहोशी आने लगी। इसी दौरान जहर खुरानी गिरोह के बदमाश उसका सामान लेकर चंपत हो गए और उसे दिल्ली बस स्टैंड के नजदीक बस से नीचे उतार कर भाग निकले। बुधवार की सुबह वह बेहोशी हालत में लोगों को पड़ा मिला। लोग उसे किसी तरह होश में लाए। पूछताछ में उसने बताया कि शामली जनपद के फुगाना गांव मेें एक किसान के यहां पर काम करने के लिए जा रहा था। लोगों ने उसे दिल्ली बस स्टैंड पुलिस चौकी पर शिकायत के लिए भेजा तो उसने डर के मारे कानूनी कार्रवाई के लिए मना कर दिया। बाद में लोगों ने उसे कुछ पैसे देकर बस में बैठाकर शामली की ओर रवाना कर दिया।